राम लखन पाठक सिंगरौली। सिंगरौली जिले के देवसर मुख्य बाजार से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर वर्षों से चले आ रहे अतिक्रमण को लेकर प्रशासन ने कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सोमवार शाम सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत के बाद प्रशासन हरकत में आया और मंगलवार को मौके पर पहुंचकर अतिक्रमणकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
प्रशासन और पुलिस ने किया बाजार क्षेत्र का निरीक्षण
मंगलवार को देवसर तहसीलदार कमलेश मिश्रा पुलिस बल और एमपीआरडीसी (MPRDC) के अधिकारियों के साथ मुख्य बाजार क्षेत्र का निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे किए गए अस्थायी और अवैध कब्जों को लेकर व्यापारियों और ठेला संचालकों को दो दिनों के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया।
तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा के बाद प्रशासन की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में फैला अतिक्रमण
प्रशासन के अनुसार, देवसर मुख्य बाजार से होकर गुजरने वाले लगभग एक किलोमीटर के हिस्से में सब्जी-फल के ठेले, अस्थायी दुकानें और अन्य अवैध निर्माण किए गए हैं। कुछ दुकानदारों द्वारा सड़क किनारे बनी नालियों पर भी कब्जा कर लिया गया है, जिससे मार्ग की चौड़ाई काफी कम हो गई है।
स्थिति यह है कि राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों लेन का बड़ा हिस्सा अतिक्रमण की चपेट में है, जिससे पैदल चलना भी कठिन हो गया है।
भारी वाहनों की आवाजाही से बढ़ रहा खतरा
देवसर क्षेत्र में बायपास मार्ग नहीं होने के कारण इसी रास्ते से भारी वाहनों का आवागमन होता है। संकरी सड़क और अतिक्रमण के चलते दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। हालिया सड़क हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने अतिक्रमण को दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बताया है।
अन्य क्षेत्रों में भी कार्रवाई की मांग
देवसर मुख्य बाजार के अलावा चितरंगी रोड और देवसर न्यायालय के आसपास का क्षेत्र भी अतिक्रमण से प्रभावित बताया जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से इन इलाकों में भी अतिक्रमण हटाने की मांग की है। प्रशासन का कहना है कि तय समय सीमा के बाद नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।





