होममध्य प्रदेशपेट्रोल पंप की घोर लापरवाही: ट्रैक्टर में डीजल की जगह भर दिया...

पेट्रोल पंप की घोर लापरवाही: ट्रैक्टर में डीजल की जगह भर दिया पेट्रोल, इंजन सुधार का वादा कर मुकरा पंप संचालक

बड़वाह। नगर क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप कर्मचारियों की भारी लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां एक नए ट्रैक्टर में डीजल के स्थान पर पेट्रोल भर दिया गया। इस बड़ी चूक के कारण ट्रैक्टर की मशीनरी में खराबी आ गई है।

शिकायत के अनुसार, पहले तो पंप संचालक और मैनेजर ने अपनी गलती मानते हुए सुधार का पूरा खर्च उठाने का वादा किया, लेकिन बाद में वे अपनी बात से साफ मुकर गए। अब पीड़ित ने मामले की लिखित शिकायत अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सहित पुलिस और खाद्य अधिकारी से कर न्याय की गुहार लगाई है।

​क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, टावर बेड़ी, बड़वाह निवासी आजम खान पिता कल्लू खान ने प्रशासन को एक लिखित शिकायत सौंपी है। आजम खान के पास आयशर कंपनी का 2025 मॉडल का नया ट्रैक्टर है।

Join WhatsApp Channel

दिनांक 25 अप्रैल 2026 को शाम करीब 6 बजे उनके वाहन चालक भगवान (निवासी सेमरला) ने उन्हें सूचना दी कि जयमलपुरा में ट्रैक्टर चलते-चलते अचानक बंद हो गया है। जब मौके पर मैकेनिक नावेद को बुलाकर जांच कराई गई, तो पता चला कि ट्रैक्टर की टंकी में डीजल की जगह पेट्रोल भरा हुआ है।

​चालक भगवान ने बताया कि उसने कुछ देर पहले ही इंदौर रोड, सिरलाय फाटे के पास स्थित जियो कंपनी के ‘जय महावीर पेट्रोल पंप’ से 900 रुपये का ईंधन डलवाया था और ऑनलाइन पेमेंट किया था। पंप कर्मचारी को स्पष्ट रूप से डीजल डालने का बोलने के बावजूद उसने लापरवाही बरतते हुए पेट्रोल भर दिया।

​सीसीटीवी में कैद हुई घटना, पहले मानी गलती फिर पलटे

शिकायतकर्ता आजम खान के अनुसार, जब वे मैकेनिक द्वारा निकाले गए पेट्रोल को लेकर पंप पर पहुंचे, तो वहां मौजूद मैनेजर शोएब खान उर्फ टीपू ने सीसीटीवी फुटेज देखा और घटना को स्वीकार किया। पंप मालिक चेतन जैन और मैनेजर ने गवाहों (सखावत अली, एडवोकेट शहजाद खान व अन्य) की मौजूदगी में आश्वासन दिया था कि वे आयशर शोरूम पर ट्रैक्टर को सुधरवा लें, इसका जो भी खर्च आएगा वह पंप मालिक द्वारा उठाया जाएगा।

​हालांकि, रविवार की छुट्टी के बाद जब सोमवार, 27 अप्रैल को ट्रैक्टर जयमलपुरा स्थित शोरूम ले जाया गया और पंप मालिक को बुलाया गया, तो वे अपने वादे से मुकर गए। पंप संचालक ने हर्जाना देने से साफ इनकार करते हुए कहा कि उनकी गलती से ट्रैक्टर खराब नहीं हुआ है और वे कोई खर्च नहीं उठाएंगे।

ताज़ा अपडेट: बड़वाह में मौत का जाम: ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त, जय स्तंभ और मेन चौराहे पर हर दिन मंडरा रहा हादसों का खतरा!

प्रशासन से की सख्त कार्रवाई की मांग

इस आर्थिक नुकसान और धोखाधड़ी से परेशान होकर आजम खान ने 27 अप्रैल को अनुविभागीय अधिकारी (SDM), बड़वाह को एक विस्तृत शिकायती आवेदन सौंपा है। इसकी प्रतिलिपि थाना प्रभारी महोदय और खाद्य अधिकारी, बड़वाह को भी प्रेषित की गई है। पीड़ित ने ‘जय महावीर पेट्रोल पंप’ के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की है।

आर्यन सिंह
आर्यन सिंहhttps://theviratkesari.com/
स्थानीय मामलों पर 15 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले हमारे मुख्य लेखक। इनका ध्यान मध्य प्रदेश के हर जिले की ज़मीनी हकीकत, सामुदायिक विकास और प्रशासन से जुड़ी प्रासंगिक खबरों को सामने लाने पर रहता है।
RELATED ARTICLES

ताज़ा समाचार