ओंकारेश्वर। तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में श्रद्धालुओं का आवागमन लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को वीकेंड अवकाश के चलते भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए करीब 70 हजार से अधिक श्रद्धालु नगर पहुंचे। श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए प्रशासन को विशेष इंतजाम करने पड़े।
भीड़ नियंत्रण के लिए जेपी चौक पर जिग-जैग बैरिकेडिंग कर दर्शन व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया गया। देर रात तक श्रद्धालु दर्शन कतारों में खड़े रहे। मंदिर परिसर से लेकर पूरे शहर में उत्साह और भक्ति का वातावरण बना रहा।
यातायात जाम से बढ़ी परेशानी
दोपहर के समय कोठी से ओंकारेश्वर मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति निर्मित हो गई। इससे श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसडीओपी मनोहर गवली पुलिस बल के साथ गणेश नगर क्षेत्र में मौके पर मौजूद रहे और स्वयं यातायात व्यवस्था संभालते नजर आए। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने लगातार निगरानी रखते हुए भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की।
ताज़ा अपडेट: राहवीर योजना: सड़क हादसों में जान बचाने वालों को मिलेगा इनाम, गोल्डन ऑवर में मदद पर 25 हजार रुपये
प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ सकती है, ऐसे में अतिरिक्त सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्थाएं लागू की जाएंगी।






