नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने घरेलू क्रिकेट को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ियों के लिए विजय हजारे ट्रॉफी में हिस्सा लेना अनिवार्य कर दिया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि मौजूदा राष्ट्रीय टीम के सभी खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में कम से कम दो मुकाबले खेलेंगे।
विजय हजारे ट्रॉफी का आयोजन 24 दिसंबर से किया जाना है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 19 दिसंबर को अहमदाबाद में खेले जाने वाले आखिरी टी20 मैच और 11 जनवरी 2026 से न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाली वनडे सीरीज के बीच लगभग तीन सप्ताह का अंतर है। BCCI इसी अवधि में सीनियर खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट से जोड़ना चाहता है।
खराब टेस्ट प्रदर्शन के आंतरिक रिव्यू के बाद लिया गया फैसला
अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली राष्ट्रीय चयन समिति ने यह निर्देश खिलाड़ियों को दे दिया है। यह फैसला ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टेस्ट सीरीज में मिले निराशाजनक नतीजों के बाद किए गए आंतरिक रिव्यू का हिस्सा बताया जा रहा है। रिव्यू में सभी फॉर्मेट्स में घरेलू क्रिकेट को प्राथमिकता देने की सिफारिश की गई थी।
रोहित, कोहली समेत गिल, बुमराह और पांड्या भी खेलेंगे कम से कम दो मैच
रोहित शर्मा और विराट कोहली पहले ही विजय हजारे ट्रॉफी के लिए अपनी उपलब्धता की जानकारी दे चुके हैं। इसके अलावा शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव जैसे सीनियर खिलाड़ियों को भी अपनी-अपनी राज्य टीमों के लिए कम से कम दो मुकाबले खेलने को कहा गया है। श्रेयस अय्यर फिटनेस कारणों से फिलहाल इस सूची से बाहर रह सकते हैं।
विजय हजारे में खेलना अब वैकल्पिक नहीं, अनफिट खिलाड़ी ही पा सकते हैं छूट
बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, विजय हजारे ट्रॉफी में कुल छह राउंड खेले जाएंगे। खिलाड़ी और उनके राज्य संघ यह तय कर सकते हैं कि वे किन दो राउंड में हिस्सा लेंगे। हालांकि, यह भी साफ कर दिया गया है कि इस टूर्नामेंट में खेलना अब वैकल्पिक नहीं है। केवल वही खिलाड़ी इससे छूट पा सकते हैं जिन्हें सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) की ओर से अनफिट घोषित किया गया हो।
जसप्रीत बुमराह निजी कारणों से टीम से अस्थायी रूप से अलग
इस बीच जसप्रीत बुमराह तीसरे टी20 मैच से पहले निजी कारणों के चलते टीम से अस्थायी रूप से अलग हो गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, उनके एक करीबी पारिवारिक सदस्य अस्पताल में भर्ती हैं। परिस्थितियां अनुकूल रहने पर उनके चौथे या पांचवें टी20 मैच के लिए टीम से जुड़ने की संभावना है।
T20 वर्ल्ड कप और न्यूजीलैंड सीरीज की टीम का एलान एक ही दिन संभव
आईसीसी की समय-सीमा को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई टी20 वर्ल्ड कप और न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज की टीम का एलान एक ही दिन करने की तैयारी में है। संभावना जताई जा रही है कि यह घोषणा जनवरी के पहले सप्ताह में की जाएगी और दोनों के लिए टीम समान हो सकती है।






