स्पोर्ट्स डेस्क। क्रिकेट के इतिहास में 23 दिसंबर 2025 की तारीख हमेशा याद रखी जाएगी। इस दिन टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में ऐसा कारनामा हुआ, जो अब तक सिर्फ कल्पना माना जाता था। इंडोनेशिया के 28 वर्षीय तेज गेंदबाज गेडे प्रियंदाना ने एक ही ओवर में पांच विकेट लेकर विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि इससे पहले टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में कोई भी गेंदबाज एक ओवर में चार से ज्यादा विकेट नहीं ले सका था। घरेलू क्रिकेट में ऐसा जरूर हुआ था, लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह पहली बार देखने को मिला।
किस मैच में बना ऐतिहासिक रिकॉर्ड?
यह ऐतिहासिक पल इंडोनेशिया बनाम कंबोडिया के बीच बाली में खेले गए पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में आया। इंडोनेशिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 168 रन का लक्ष्य दिया था। जवाब में कंबोडिया की टीम 15 ओवर के बाद 5 विकेट पर 106 रन बना चुकी थी और मुकाबला रोमांचक मोड़ पर था।
इसके बाद कप्तान ने गेंद सौंपी गेडे प्रियंदाना को और यहीं से इतिहास लिख दिया गया।
16वां ओवर बना क्रिकेट इतिहास का सबसे खौफनाक ओवर
पारी के 16वें ओवर में गेडे प्रियंदाना ने जो किया, वह अविश्वसनीय था-
- पहली गेंद: ओपनर शाह अबरारहुसैन आउट
- दूसरी गेंद: निर्मलजीत सिंह बिना खाता खोले पवेलियन
- तीसरी गेंद: रथानक आउट – हैट्रिक पूरी
- चौथी गेंद: डॉट बॉल
- पांचवीं गेंद: चौथा विकेट
- छठी गेंद: वाइड
- अगली वैध गेंद: पांचवां विकेट
इसी के साथ कंबोडिया की पारी 107 रन पर सिमट गई और इंडोनेशिया ने मुकाबला जीत लिया।
मलिंगा, राशिद और होल्डर भी नहीं कर पाए जो गेडे ने कर दिखाया
इससे पहले कई दिग्गज गेंदबाज इस रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंचे थे-
- लसिथ मलिंगा
- राशिद खान
- कर्टिस कैंफर
- जेसन होल्डर
इन सभी ने टी20 इंटरनेशनल में एक ओवर में 4 विकेट लिए थे, लेकिन पांचवां विकेट कोई नहीं निकाल सका था। अब यह रिकॉर्ड गेडे प्रियंदाना के नाम दर्ज हो चुका है, और वह इस मामले में दुनिया के इकलौते खिलाड़ी बन गए हैं।
घरेलू क्रिकेट में पहले भी हो चुका है ऐसा
पुरुषों के टी20 क्रिकेट में एक ओवर में पांच विकेट लेने का कारनामा इससे पहले सिर्फ दो बार हुआ था-
- 2013–14 में बांग्लादेश के अल अमीन हुसैन (विक्ट्री डे टी20 कप)
- 2019–20 में भारत के अभिमन्यु मिथुन (सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी)
लेकिन टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में यह पहली बार हुआ है, जिसने इस रिकॉर्ड को ऐतिहासिक बना दिया।






