बड़वाह। खोड़़ी स्थित एसोसिएटेड अल्कोहल एंड ब्रेवेरीज लिमिटेड में कार्यरत एक 21 वर्षीय युवक ने कंपनी के DDGS प्लांट में पदस्थ एक कर्मचारी पर अभद्र व्यवहार और उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। युवक ने मीडिया के समक्ष वीडियो बयान जारी कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है।
युवक शिवशंकर धनगर का आरोप है कि कंपनी के DDGS प्लांट में कार्यरत केमिस्ट पंकज गुप्ता द्वारा उसके साथ लगातार असहज व्यवहार किया जाता था। युवक के अनुसार पहले वह कंपनी के अन्य प्लांट में कार्यरत था, जहां से उसे बेहतर वेतन और कार्य का हवाला देकर DDGS प्लांट में बुलाया गया।
युवक ने लगाए अनुचित व्यवहार के आरोप
युवक का कहना है कि प्लांट में आने के बाद संबंधित कर्मचारी का व्यवहार उसे लगातार असहज करने लगा। आरोप है कि आरोपी द्वारा बातचीत और कार्य के दौरान अनुचित तरीके से छूने का प्रयास किया जाता था। युवक के अनुसार वह नौकरी जाने के डर से लंबे समय तक खुलकर विरोध नहीं कर पाया।
दबाव और धमकी देने का भी आरोप
पीड़ित युवक ने दावा किया कि 22 मई 2026 को आरोपी ने उसे लंच के लिए बुलाया। मना करने पर कथित तौर पर भावनात्मक दबाव बनाया गया। युवक का आरोप है कि इसी दौरान उसके साथ अनुचित हरकत करने का प्रयास किया गया, जिसका उसने विरोध किया। युवक के मुताबिक विरोध करने के बाद उसे नौकरी से हटाने की धमकी भी दी गई।
कंपनी प्रबंधन पर भी लगाए आरोप
युवक ने आरोप लगाया कि विवाद के बाद कंपनी प्रबंधन द्वारा उसे कई घंटों तक एक कमरे में रोके रखा गया। युवक का कहना है कि बाद में उसे थाने ले जाकर उसके खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई। दूसरी ओर युवक का यह भी आरोप है कि उसकी शिकायत पर पुलिस द्वारा FIR दर्ज नहीं की गई और केवल आवेदन लिया गया।
कंपनी पक्ष की प्रतिक्रिया नहीं मिली
मामले को लेकर कंपनी प्रबंधन और संबंधित कर्मचारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक आरोपों पर कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी।
ताज़ा अपडेट: सिंगरौली में जमीन घोटाले का बड़ा खुलासा! सरकारी भूमि पर हेरफेर से मचा हड़कंप!
पुलिस ने जांच की बात कही
इस संबंध में बड़वाह थाना प्रभारी बलराम सिंह राठौर ने बताया कि युवक का आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, मामले की जांच जारी है। लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।






