होममध्य प्रदेशबड़वाह नगर पालिका परिषद की अहम बैठक: सड़क पर वाहन खड़े किए...

बड़वाह नगर पालिका परिषद की अहम बैठक: सड़क पर वाहन खड़े किए तो कटेगा चालान; शहर को मिलेंगे नए शौचालय, टर्फ और खेल स्टेडियम

नपा बैठक: बड़े फैसले एक नज़र में

  • यातायात सख्ती: इंदौर-इच्छापुर रोड पर अवैध पार्किंग करने वाले वाहनों पर होगी चालानी कार्रवाई।
  • जनसुविधाएं: दावड़ा मुख्य द्वार के पास 10 नए शौचालयों (5 महिला, 5 पुरुष) का होगा निर्माण।
  • युवाओं को सौगात: वार्ड 8 में न्यूनतम शुल्क वाला टर्फ और शहर में नया खेल स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव पास।
  • स्वच्छता अभियान: शहर में खुले प्लॉटों पर कचरा फेंकने वालों पर लगेगा जुर्माना।

अंकित कीवे (संपादक, द विराट केसरी) बड़वाह। शहर के विकास और आगामी कार्ययोजनाओं को गति देने के लिए बड़वाह नगर पालिका परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक नपा सभागार में संपन्न हुई। नपा अध्यक्ष राकेश गुप्ता की अध्यक्षता और सीएमओ कुलदीप किंशुक की मौजूदगी में आयोजित इस बैठक में शहर हित से जुड़े 23 अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में वार्ड पार्षदों, एल्डरमेन और इंजीनियरों की उपस्थिति रही, जहां लगभग सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से हरी झंडी दे दी गई।

अवैध पार्किंग पर नपा सख्त, कटेगा चालान

बैठक में शहर की सबसे बड़ी समस्या ‘ट्रैफिक जाम’ पर कड़ा रुख अपनाया गया। नपा अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने बताया कि इंदौर-इच्छापुर रोड का चौड़ीकरण किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद कई लोग सड़क पर ही अपने दोपहिया और चारपहिया वाहन खड़े कर देते हैं।

पिछले वर्ष थाना परिसर में यातायात को लेकर हुई बैठक के निर्णयों पर अमल न होने के कारण अब नगर पालिका ने खुद मोर्चा संभालने का फैसला किया है। अब सड़क पर वाहन खड़े कर जाम की स्थिति निर्मित करने वालों पर नपा द्वारा सख्त चालानी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य चौराहे पर बनेंगे नए जनसुविधा केंद्र

शहरवासियों और बाजार आने वाले लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए नपा ने जनसुविधाओं के विस्तार का निर्णय लिया है। इंदिरा मार्केट के नवनिर्माण के बाद अब दावड़ा मुख्य द्वार के पास एक नए कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा।

इसमें विशेष रूप से 5 महिला और 5 पुरुष शौचालयों का निर्माण होगा। इसके साथ ही महेश्वर रोड पर स्थित पुराने शौचालय का भी रिनोवेशन किया जाएगा, जिससे शहर में स्वच्छता का स्तर सुधरेगा और नपा की आय में भी वृद्धि होगी।

युवाओं और बच्चों के लिए खेल स्टेडियम व टर्फ की सौगात

बैठक में युवाओं और बच्चों के शारीरिक विकास और खेलों को बढ़ावा देने के लिए भी बड़े फैसले लिए गए। वार्ड क्रमांक 8 में स्थित गार्डन में एक नया ‘टर्फ’ (Artificial Grass Court) बनाया जाएगा।

नपा अध्यक्ष ने बताया कि वर्तमान में बच्चों को प्राइवेट टर्फ पर खेलने के लिए भारी भरकम राशि खर्च करनी पड़ती है, लेकिन नपा के इस टर्फ के बनने से शहर के बच्चों को न्यूनतम शुल्क पर यह शानदार सुविधा मिल सकेगी। इसके अलावा, बैठक में बच्चों के लिए एक सर्वसुविधायुक्त खेल स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव भी पास किया गया है।

ताज़ा अपडेट: बड़वाह पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 4 साल से चकमा दे रहा चोरी का स्थायी वारंटी गिरफ्तार, राजस्थान से काटकूट आते ही दबोचा

खुले प्लॉटों पर कचरा फेंका तो लगेगा जुर्माना

नगर को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से परिषद ने कड़े नियम लागू किए हैं। शहर में जिन लोगों के खुले प्लॉट हैं और वहां कचरा या गंदगी पाई जाती है, तो प्लॉट मालिकों पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, विभिन्न वार्डों में सीसी (CC) रोड निर्माण के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। वहीं, नपा की सेवाओं को लेकर आवेदन टैक्स में भी मामूली वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है।

अंकित कीवे
अंकित कीवेhttps://theviratkesari.com/
अंकित कीवे एक अनुभवी पत्रकार, ब्लॉगर और 'द विराट केसरी' के मुख्य संपादक हैं। उन्होंने वर्ष 2015 में सिविल इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की, लेकिन समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी और बेबाक लेखन के शौक ने उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में ला खड़ा किया। साल 2020 से वे लगातार डिजिटल मीडिया, ब्लॉगिंग और प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अपने अनुभव और दूरदृष्टि के साथ, वे पिछले एक साल से 'द विराट केसरी' समाचार पत्र का सफलतापूर्वक नेतृत्व कर रहे हैं। एक संपादक के तौर पर अंकित का दृढ़ विश्वास है कि सच्ची और निष्पक्ष पत्रकारिता ही लोकतंत्र का आधार है। अपने न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से वे विशेष रूप से मध्य प्रदेश, स्थानीय प्रशासन, क्राइम और आम जनता से जुड़े उन मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं, जिनका सीधा असर समाज पर पड़ता है।
RELATED ARTICLES

ताज़ा समाचार