अधूरी सड़क, बढ़ते खतरे: 4 मुख्य बातें
- धीमी गति: मुख्य मार्ग पर 15 दिनों से सड़क खोदकर छोड़ी गई।
- सुरक्षा की कमी: कार्यस्थल पर बेरिगेट्स, रेडियम या चेतावनी बोर्ड नदारद।
- इमरजेंसी पर असर: एंबुलेंस और स्कूल बसों के लिए खतरनाक हुआ सफर।
- मेले की चुनौती: नवग्रह मेला शुरू होने से पहले काम पूरा न होने पर बिगड़ सकते हैं हालात।
नवग्रह मेला मैदान के सामने खरगोन–इंदौर–भोपाल मुख्य मार्ग पर चल रहा सड़क चौड़ीकरण कार्य बीते करीब 15 दिनों से धीमी गति से जारी है। सड़क को खोदकर लंबे समय तक अधूरा छोड़ दिए जाने से यह व्यस्त मार्ग संकरा हो गया है, जिससे रोज़ाना गुजरने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सबसे चिंताजनक स्थिति सुरक्षा इंतजामों को लेकर है। कार्यस्थल पर न तो पर्याप्त बेरिगेट्स लगाए गए हैं और न ही रेडियम, चेतावनी बोर्ड या दिशा-सूचक संकेतक मौजूद हैं। रात के समय सड़क पर फैले पत्थर, उखड़े पेवर और मिट्टी दुर्घटनाओं के खतरे को और बढ़ा रहे हैं।
जाम और जोखिम: एंबुलेंस से लेकर स्कूल बसों तक का निकलना हुआ दूभर
नागरिकों का कहना है कि इस मार्ग से एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और स्कूल बसों का आवागमन जोखिमभरा हो गया है। सुबह और शाम के समय यातायात का दबाव अधिक रहने से जाम की स्थिति बन रही है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
शिकायतों के बावजूद नहीं हुआ समाधान
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि संबंधित विभाग को कई बार अवगत कराने और समाचार पत्रों में मुद्दा प्रकाशित होने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। इससे विभागीय लापरवाही को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सिर पर है ‘नवग्रह मेला’: समय पर काम पूरा न हुआ तो बेकाबू हो जाएगी भीड़
कुछ ही दिनों में नवग्रह मेला लगने वाला है। ऐसे में यदि सड़क चौड़ीकरण का कार्य समय पर पूरा नहीं हुआ और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया, तो हालात और गंभीर हो सकते हैं। मेले के दौरान इस मार्ग पर यातायात का दबाव और बढ़ने की संभावना है।
अधिकारियों का दावा: नपा प्रभारी बोले- ‘ठेकेदार को दिए सख्त निर्देश, जल्द सुधरेगी स्थिति’
इस संबंध में नगर पालिका प्रभारी अधिकारी जितेंद्र मेड़ा ने बताया कि ठेकेदार द्वारा कुछ कारणों से बेरिगेट्स हटाए गए थे। उन्होंने कहा कि रेडियम, सुरक्षा बोरियां और चेतावनी संकेतक तत्काल लगाने के निर्देश दिए गए हैं और जल्द ही व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जाएंगी।
जनता की आवाज़: कागजों पर नहीं, ज़मीन पर चाहिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
फिलहाल आमजन की मांग है कि सड़क चौड़ीकरण कार्य में तेजी लाई जाए, जिम्मेदार अधिकारी मौके पर निरीक्षण करें और सभी सुरक्षा मानकों को तुरंत लागू किया जाए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से पहले स्थिति को ठीक किया जा सके।
ताज़ा अपडेट: बड़वाह: सरकारी होर्डिंग्स पर निजी अस्पताल का प्रचार! नपा के नाम के साथ मंत्री की तस्वीर, CMO बोले…
संपादकीय टिप्पणी
विकास कार्य शहर की ज़रूरत हैं, लेकिन सुरक्षा की कीमत पर नहीं। ठेकेदारों की लापरवाही और अधिकारियों की ढिलाई किसी मासूम की जान ले सकती है। प्रशासन को चाहिए कि मेले से पूर्व इस मार्ग को सुगम और सुरक्षित बनाए।






