होममध्य प्रदेश​राजगढ़ सराफा लूट: फरार बदमाशों पर 1.20 लाख का इनाम, 12 डकैतों...

​राजगढ़ सराफा लूट: फरार बदमाशों पर 1.20 लाख का इनाम, 12 डकैतों ने फायरिंग कर मचाया था तांडव

सऊद खान राजगढ़। किला क्षेत्र के सराफा बाजार में हुई हथियारबंद लूट और चोरी की सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए इनाम की राशि बढ़ा दी है। अब फरार बदमाशों की सूचना देने वाले को कुल मिलाकर 1 लाख 20 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।

पूरी तैयारी के साथ आए थे बदमाश

बीते बुधवार देर रात 10 से 12 की संख्या में बदमाश सराफा बाजार पहुंचे थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों के पास गुलेल, सब्बल, पिस्तौल और बंदूक जैसे हथियार थे। बदमाशों ने पहले राजेंद्र विजयवर्गीय की दुकान, फिर बागेश्वर ज्वेलर्स को निशाना बनाया और लाखों के जेवरात चोरी कर लिए।

बुजुर्ग ज्वेलर पर जानलेवा हमला

तीसरी दुकान में सो रहे बुजुर्ग व्यापारी गोपालचंद सोनी पर बदमाशों ने सब्बल से हमला कर दिया। शोर मचाने और पीछा करने पर आरोपियों ने युवकों पर फायरिंग और पत्थरबाजी की। इस दौरान एक युवक की आंख में गंभीर चोट आई, जबकि अन्य लोग भी घायल हुए।

Join WhatsApp Channel

बाइक चोरी कर हाईवे की ओर फरार

वारदात के बाद बदमाश एक बाइक चोरी कर बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिलों से हाईवे की ओर फरार हो गए। पुलिस का मानना है कि यह संगठित गिरोह बाहर से आया हो सकता है।

चार प्रकरण, इनाम बढ़ाया

पुलिस ने इस मामले में चार अलग-अलग गंभीर अपराध दर्ज किए हैं। पहले प्रत्येक प्रकरण पर घोषित ₹10-10 हजार के इनाम को निरस्त कर अब प्रति केस ₹30 हजार का इनाम घोषित किया गया है। कुल इनामी राशि 1.20 लाख रुपये हो गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

CCTV, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट से जांच

सराफा बाजार और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में बदमाशों की गतिविधियां कैद हुई हैं। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है। डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट टीम की रिपोर्ट को भी जांच में शामिल किया गया है।

व्यापारियों में आक्रोश, सुरक्षा की मांग

घटना के बाद व्यापारियों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि घनी आबादी वाले क्षेत्र में हथियारों के साथ बदमाशों का खुलेआम घूमना और फायरिंग होना रात्रिकालीन गश्त पर सवाल खड़े करता है। व्यापारियों ने सराफा बाजार में स्थायी पुलिस पिकेट, नाइट पेट्रोलिंग बढ़ाने और अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम की मांग की है।

ताज़ा अपडेट: ग्राम पंचायत मजौना में विकास कार्यों के नाम पर बड़ा खेल! अधूरे काम और पूरा भुगतान, उपसरपंच ने मुख्यमंत्री से की भ्रष्टाचार की लिखित शिकायत

पुलिस भले ही बदमाशों की तलाश तेज होने का दावा कर रही हो, लेकिन व्यापारी तब तक खुद को सुरक्षित नहीं मान रहे, जब तक इस गिरोह को गिरफ्तार नहीं कर लिया जाता।

आर्यन सिंह
आर्यन सिंहhttps://theviratkesari.com/
स्थानीय मामलों पर 15 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले हमारे मुख्य लेखक। इनका ध्यान मध्य प्रदेश के हर जिले की ज़मीनी हकीकत, सामुदायिक विकास और प्रशासन से जुड़ी प्रासंगिक खबरों को सामने लाने पर रहता है।
RELATED ARTICLES

ताज़ा समाचार