आशीष गुप्ता ब्यूरो खरगोन। खरगोन–इंदौर–भोपाल मुख्य मार्ग पर चल रहा सड़क चौड़ीकरण कार्य अब आमजन की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। नवग्रह मेला ग्राउंड के सामने बिना किसी बैरिकेड्स, रेडियम संकेतक, चेतावनी बोर्ड या अन्य सुरक्षा इंतजामों के सड़क खुदाई और निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बढ़ रही है।
खरगोन: 48 घंटे बाद भी बनी हुई है जस की तस स्थिति
- अधिकारी मौन: नपा प्रभारी जितेंद्र मेड़ा को सूचना देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं।
- सुरक्षा नदारद: रेडियम संकेतक और चेतावनी बोर्ड अब भी गायब।
- नया संकट: जेसीबी से खुदाई के दौरान धूल का गुबार और बीच सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां।
- बड़ा सवाल: क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतज़ार कर रहा है?
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, इस संबंध में नगर पालिका के प्रभारी अधिकारी जितेंद्र मेड़ा को 48 घंटे पूर्व अवगत करा दिया गया था। रविवार दोपहर सड़क पर बिखरे पत्थर, पेवर ब्लॉक्स और बिना संकेतक चल रहे कार्य की जानकारी फोन के माध्यम से दी गई, लेकिन इसके बावजूद न तो मौके पर कोई निरीक्षण किया गया और न ही सुधारात्मक कदम उठाए गए।
राहगीरों और वाहन चालकों को हो रही परेशानी
बिना सुरक्षा व्यवस्था किए जा रहे इस कार्य से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। फुटपाथ पर चलना लगभग असंभव हो गया है, वहीं सड़क पर अचानक अवरोध आने से वाहन फिसलने और टकराने का खतरा बना हुआ है।
मंगलवार को भी नगर पालिका प्रभारी अधिकारी से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। जबकि दो दिन पहले ठेकेदार से चर्चा के दौरान जल्द सुधार का आश्वासन दिया गया था।
धूल, अव्यवस्था और जाम की स्थिति
मंगलवार दोपहर तक स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया। जेसीबी मशीन से मिट्टी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरते समय उड़ती धूल से राहगीर परेशान होते रहे। सड़क पर बैरिकेड्स तिरछी अवस्था में खड़े किए गए, वहीं ट्रैक्टर-ट्रॉलियां मुख्य मार्ग पर ही खड़ी कर दी गईं, जिससे यातायात बाधित हुआ और जाम जैसी स्थिति बनी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर हालात ऐसे बन गए हैं कि “नज़र हटी, दुर्घटना घटी” जैसी स्थिति पैदा हो गई है। सड़क चौड़ीकरण कार्य में बरती जा रही लापरवाही अब केवल अव्यवस्था नहीं, बल्कि आमजन की जान के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है।






